जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर की धड़कन कहे जाने वाले मुख्य बाजार आज विकास और आधुनिकता के नहीं, बल्कि अनियंत्रित अतिक्रमण की बदरंग तस्वीर बयां कर रहे हैं। पीएल शर्मा रोड से लेकर आबूलेन, सदर बाजार, घंटाघर से वैली बाजार, खैरनगर दवा बाजार, शहर सराफा, शारदा रोड, लालकुर्ती, बांबे बाजार और कंकरखेड़ा तक हर तरफ सड़क पर कब्जा जमाने की होड़ है।
हाल यह है कि खरीदारी के लिए निकले लोगों के कदम खुद ब खुद ठहर जाते हैं। दुकानों के सामने नाले, फुटपाथ और रोड पटरियों पर सजे दुकानदारों के सामान, अवैध ठेलों और बेतरतीब खड़े वाहनों ने चौड़ी सड़कों को गलियों में तब्दील कर दिया है। पैदल चलना दूभर है। सदर बाजार, शहर सराफा, वैली बाजार में तो दोपहिया वाहन चालकों को निकलने के लिए इंच-इंच संघर्ष करना पड़ रहा है। एंबुलेंस और फायर बिग्रेड जैसी आपातकालीन गाड़ियां भी इस अंतहीन जाम में जरूरत के समय प्रवेश नहीं कर सकती हैं।