राकेश कुमार महतो, धनबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ में कभी तालाब और नदी घाट व्रतियों की पहली पसंद हुआ करते थे, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है।
शहर के पारंपरिक कई छठ तालाबों में गंदगी, दूषित पानी की समस्या से परेशान व्रती अब वैकल्पिक व्यवस्था अपना रहे हैं। गंदे तालाबों में अर्घ्य देने के बजाय लोग अपने घरों, अपार्टमेंट और मोहल्लों के आसपास ही छठ घाट तैयार कर रहे हैं।
कहीं अस्थाई तालाब और सीमेंट के हौद बनाए जा रहे हैं, तो कहीं रेडीमेड प्लास्टिक के टब में अर्घ्य देने की तैयारी है। घरों की छतों और आंगनों में भी छोटे-छोटे छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं।