जागरण संवाददाता, पूर (बलिया)। धान की फसल तैयार होने के बाद किसानों को अब उसे बेचने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। विकास खंड पंदह में छह धान क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं, लेकिन अब तक किसी भी केंद्र पर खरीदारी शुरू नहीं हो सकी है। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। सरकारी क्रय केंद्रों पर ताला लटकने से किसान अपनी उपज बेचने के लिए भटक रहे हैं।
वहीं, मजबूरी में उन्हें बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर धान बेचना पड़ रहा है। किसान रामजी सिंह ने बताया कि विकास खंड पंदह में साधन सहकारी समिति पकड़ी, मिश्रौली, चड़वा बरवां, एकैल, मार्केटिंग पंदह बहेरी और खेजूरी में धान क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं, लेकिन अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है। किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या रबी की फसल की बोआई को लेकर है।