संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। भारतीय सेना में तैनात इकलौते बेटे की मौत की खबर से घर में मातम पसर गया। भोरंज उपमंडल की नंधन पंचायत के रुठानी निवासी 26 वर्षीय अक्षय कुमार की उत्तराखंड के जोशीमठ में असामयिक मौत हो गई। जिस घर में कुछ दिन बाद विवाह की शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब बेटे की पार्थिव देह आने का इंतजार हो रहा है।

अक्षय कुमार भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में उनकी तैनाती जोशीमठ में थी। परिवार के अनुसार उनकी मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जवान की पार्थिव देह को गांव पहुंचाने में एक से दो दिन का समय लग सकता है।