जागरण संवाददाता, गाजीपुर। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं की पहचान कर सूची से नाम हटाने की कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में विधानसभा क्षेत्र 375-गाजीपुर के बीएलओ को प्रशिक्षण देकर यह जिम्मेदारी सौंपी गई।