जागरण संवाददाता, रोहतक। 35 हजार रुपये मासिक वेतन और एक अच्छी नौकरी की उम्मीद में रोहतक आई चरखी दादरी की युवती को कथित तौर पर साइबर ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल कर लिया गया। उसे एक निजी फर्म में डायरेक्टर बनाने का झांसा दिया गया और इसी बहाने उसके नाम पर सात से अधिक बैंक खाते खुलवा दिए गए।
युवती को बताया गया कि इन खातों में 28 राज्यों की सरकारों से मिलने वाली सब्सिडी आएगी, लेकिन हकीकत में खातों के जरिये 1 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ। हैरानी की बात यह है कि युवती को नौकरी के बदले वेतन भी नहीं मिला। बैंक अधिकारियों के घर पहुंचने पर उसे पूरे मामले का पता चला।