संवादसूत्र, लखीमपुर। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को पढ़ाई के लिए शहरों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। पहले चरण में जिले की 223 ग्राम पंचायतों में यह सुविधा शुरू करने की तैयारी है। लाइब्रेरी में पुस्तकों के साथ कंप्यूटर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक 106 ग्राम पंचायतों को कंप्यूटर मिल चुके हैं।
पंचायत भवनों में तैयार की जा रही इन लाइब्रेरी में फर्नीचर सहित जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जा चुकी हैं। कंप्यूटर मिलने के बाद उन्हें स्थापित करने और उपयोग के लिए तैयार करने का काम चल रहा है। शुक्रवार तक 50 कंप्यूटरों में साफ्टवेयर इंस्टालेशन का काम पूरा हो चुका था। शेष कंप्यूटरों में भी इंस्टालेशन की प्रक्रिया जारी है। डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि जिले की 223 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी तैयार हैं।