राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में नए नगर निकायों के गठन और पुराने निकायों के क्षेत्र विस्तार की योजना पर जिलों की सुस्ती भारी पड़ रही है। नगर विकास एवं आवास विभाग की बार-बार की पहल के बावजूद अब तक केवल आठ जिलों ने ही इस संबंध में अपना प्रस्ताव भेजा है। शेष जिलों से रिपोर्ट नहीं मिलने पर विभाग ने फिर से प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
विभाग ने सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों से निर्धारित प्रपत्र में नक्शे के साथ प्रस्ताव मांगा था। इसके तहत नए नगर निकायों के गठन, मौजूदा निकायों का क्षेत्र विस्तार और दो या दो से अधिक नगरपालिका क्षेत्रों को मिलाकर एक निकाय बनाने की योजना तैयार की जानी है।