जागरण संवाददाता, हरदोई। सर्कुलर रोड स्थित सिद्धार्थ हॉस्पिटल में शुक्रवार शाम इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे दोपहर में अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि चिकित्सकों ने प्लेटलेट्स मात्र 12 हजार होने की बात कहकर तत्काल भर्ती कर लिया। इसके बाद उपचार शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही घंटे बाद महिला की मौत हो गई।
इससे नाराज स्वजन ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव अस्पताल के बाहर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। अचानक हुए हंगामे से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाराज स्वजन को समझाकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।