16 घंटे से ज्यादा ठप रहीं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं, 74 देशों में 43 करोड़ यूजर प्रभावित; 93 हजार करोड़ का नुकसान
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी ने भारत समेत दुनिया के 74 देशों में करोड़ों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
लेखक Jagran News··104K पढ़े गए
16 घंटे से ज्यादा ठप रहीं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं, 74 देशों में 43 करोड़ यूजर प्रभावित; 93 हजार करोड़ का नुकसान
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी ने भारत समेत दुनिया के 74 देशों में करोड़ों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
गुरुवार आधी रात के बाद शुरू हुई इस गड़बड़ी के कारण माइक्रोसॉफ्ट 365, आउटलुक और टीम्स जैसी लोकप्रिय सेवाएं ठप हो गईं।
इसका असर केवल आम यूजर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एयरलाइंस, अस्पताल, बैंक, सरकारी दफ्तरों और अदालतों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। करीब 16 घंटे से अधिक समय तक सेवाओं में बाधा बनी रही।
कंपनी को 93 हजार करोड़ रुपये का नुकसान
दुनियाभर में अफरातफरी के बीच अमेरिकी शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में लगभग दो प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इस वैश्विक आउटेज से करीब 10 अरब डॉलर यानी 93 हजार करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई गई है।
एपी ने आउटेज ट्रैकर डाउनडिटेक्टर के हवाले से बताया कि भारत समेत 74 देशों में करीब 43 करोड़ यूजर इस समस्या से प्रभावित हुए। दर्जनों देशों के लगभग 1.30 लाख यूजर्स ने आउटलुक तक पहुंचने में परेशानी की शिकायत की।
'माइक्रोसॉफ्ट पर कोई साइबर अटैक नहीं'
माइक्रोसॉफ्ट ने साफ किया कि यह संकट साइबर सुरक्षा में सेंध या एआइ हमले की वजह से नहीं आया। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि उसने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सेवाओं को बहाल करने के प्रयास पूरे कर लिए हैं और ईमेल सेवाओं में सुधार दिखने लगा है।
हालांकि, कंपनी ने आगाह किया कि कुछ यूजरों को रुक-रुककर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 48 घंटे में सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।
भारत में उड़ानों पर असर
प्रेट्र के अनुसार, भारत में इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा एयर की ईमेल सेवाएं प्रभावित हुईं। इंडिगो ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि वह ग्राहकों के ईमेल प्राप्त नहीं कर पा रही है। कंपनी ने यात्रियों को अपनी उड़ानों से जुड़े अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी।
स्पाइसजेट ने शुक्रवार सुबह दिल्ली से पुणे, लेह और मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद कर दीं। दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो अन्य उड़ानों में भी देरी हुई। वहीं, एयर इंडिया ने कहा कि उसके उड़ान संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है।
यात्रियों से संपर्क बनाए रखने के लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते से भेजने की व्यवस्था की गई। दिल्ली एयरपोर्ट ने भी यात्रियों से घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जांचने को कहा।
अस्पतालों से अदालतों तक कामकाज प्रभावित
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, इस तकनीकी गड़बड़ी का असर कई देशों की जरूरी सेवाओं पर भी पड़ा। ब्रिटेन में नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) के ईमेल सिस्टम में बाधा आने से कुछ मरीजों को दवाओं के पर्चे मिलने में परेशानी हुई।
सर्जरी कराने वाले मरीजों को ईमेल का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई। एंबुलेंस और पुलिस सेवाओं से ईमेल के जरिये संपर्क करने में भी दिक्कत आई। प्रशासन ने लोगों से जरूरत पड़ने पर फोन के माध्यम से संपर्क करने को कहा।
बीबीसी के अनुसार, स्कॉटलैंड में सिविल और आपराधिक अदालतों की कार्यवाही देर से शुरू हुई। कुछ मामलों की सुनवाई भी प्रभावित हुई। लोगों को अपनी स्थानीय अदालतों से संपर्क करने की सलाह दी गई।
अल जजीरा के मुताबिक, सिंगापुर और जापान में सरकारी प्रणालियों का कामकाज बाधित हुआ, जबकि फिलीपींस के सुप्रीम कोर्ट की संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा। आस्ट्रेलिया में देश की खुफिया एजेंसी और संघीय पुलिस भी प्रभावित संगठनों में शामिल रहे।
यह रुकावट केवल माइक्रोसॉफ्ट के अपने एप्लिकेशन तक ही सीमित नहीं रही। ओपनएआइ और एंथ्रोपिक ने भी अपने माइक्रोसॉफ्ट 365 कनेक्टर्स से जुड़ी समस्याओं की सूचना दी।
बैंकों और रेल सेवाओं पर भी संकट
रॉयटर्स के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा में आई खराबी का असर बड़े वित्तीय संस्थानों तक पहुंचा। शुक्रवार सुबह हांगकांग के बैंकिंग क्षेत्र में कामकाज प्रभावित हुआ। ताइवान में ईमेल सेवाएं बाधित होने से फैक्स का इस्तेमाल करना पड़ा। गोल्डमैन सैक्स और नोमुरा जैसे बड़े निवेश बैंकों के कर्मचारी भी इससे प्रभावित हुए।
कनाडा, जर्मनी और अमेरिका में रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा। कनाडा की वीआइए रेल ने बताया कि यात्रियों को ट्रेन ट्रैकर, ईमेल और एसएमएस के जरिये सूचनाएं नहीं मिल पा रही हैं।
ब्रिटेन की नेशनल रेल ने भी ईमेल पर टिकट मिलने में परेशानी की बात कही। दक्षिण अफ्रीका की सेमएयर ने सिस्टम में रुकावटों की जानकारी दी। अमेरिका की इलेक्ट्रिक ट्रक निर्माता कंपनी वर्क हार्स को तो कंपनी के नतीजों की घोषणा टालनी पड़ी।
दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की ये सेवाएं प्रभावित हुईं
आउटलुक: यूजर्स इनबाक्स खोलने, ईमेल भेजने और संदेश प्राप्त करने में समस्याओं का सामना करना पड़ा।
माइक्रोसॉफ्ट टीम्स: चैट, मीटिंग और कार्यस्थल पर होने वाली बातचीत प्रभावित हुई, हालांकि कुछ सेवाएं जल्दी बहाल हो गईं।
वर्ड, एक्सेल और पावरप्वाइंट: यूजर्स ने माइक्रोसॉफ्ट के आनलाइन प्रोडक्टिविटी एप्लिकेशन को इस्तेमाल करने में समस्या बताई।
वनड्राइव और शेयरप्वाइंट: क्लाउड स्टोरेज और कार्यस्थल पर समन्वय से जुड़ी सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
को-पायलट: माइक्रोसॉफ्ट के एआइ असिस्टेंट में भी कनेक्टिविटी की समस्याएं आईं।
पहले भी दुनिया को झकझोर चुके हैं माइक्रोसॉफ्ट के आउटेज
2024 में क्राउडस्ट्राइक के गलत अपडेट से ठप हुए थे करोड़ों कंप्यूटर, जनवरी और अगस्त में भी आई थी।
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं का ठप होना कोई नई बात नहीं है। 19 जुलाई 2024 को कंपनी की सेवाओं से जुड़ा एक बड़ा तकनीकी संकट सामने आया था, जिसने पूरी दुनिया में अफरा-तफरी मचा दी थी। उस घटना में 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया था।
हालांकि, उस बार गड़बड़ी सीधे माइक्रोसॉफ्ट के किसी अपडेट से नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षा कंपनी क्राउडस्ट्राइक के एक खराब साफ्टवेयर अपडेट से हुई थी। इसके चलते दुनियाभर में करोड़ों विंडोज कंप्यूटर ठप हो गए थे। एयरलाइंस, बैंकिंग और दूसरे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुए थे।
रॉयटर्स के अनुसार, बाजार विश्लेषक जो गिलबर्ट ने कहा कि सबसे बड़ी चिंता यही है कि ये घटनाएं लगातार हो रही हैं। अगर भरोसा टूटा तो कंपनियां विकल्प तलाशने लगेंगी।
अल जजीरा के अनुसार इस दौरान विंडोज पर चलने वाले कंप्यूटर और लैपटॉप की स्क्रीन अचानक नीली हो गई थी। तकनीकी दुनिया में इसे 'ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ' कहा जाता है। इस घटना ने दिखा दिया था कि किसी एक तकनीकी गड़बड़ी का असर दुनिया के कई देशों की जरूरी सेवाओं पर एक साथ पड़ सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट के लिए इस साल भी आउटेज की घटनाएं सामने आई हैं। जनवरी में उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाएं करीब 10 घंटे तक बाधित रहीं। कंपनी ने इसकी वजह सर्वर पर बढ़ा हुआ दबाव और रखरखाव के दौरान उपलब्ध क्षमता में आई कमी को बताया था।
अगस्त के आखिर में भी दुनियाभर के हजारों आउटलुक यूजर अपने मेलबॉक्स तक पहुंचने में नाकाम रहे थे। ऐसी समस्याएं केवल माइक्रोसॉफ्ट तक सीमित नहीं हैं।
अक्टूबर 2025 में अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) में आई तकनीकी खराबी से कई वेबसाइट और एप प्रभावित हुए थे। माइक्रोसॉफ्ट 365 अब कंपनियों के ईमेल, दस्तावेजों के भंडारण, आनलाइन मीटिंग और रोजमर्रा के कामकाज का अहम हिस्सा बन चुका है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, आउटलुक, टीम्स, को-पायलट और एक्सचेंज आनलाइन जैसी सेवाएं एक साथ प्रभावित होने पर केवल ईमेल का आदान-प्रदान ही नहीं रुकता, बल्कि कंपनियों का आपसी संवाद, कामकाज का प्रबंधन, आंकड़ों का रखरखाव और एआइ आधारित सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताई आउटेज की वजह
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, उसके कुछ सर्वर अचानक काम करना बंद कर गए थे। इसके बाद उन सर्वरों का कामकाज दूसरे सर्वरों पर डाल दिया गया। इससे वहां ट्रैफिक का दबाव अचानक बढ़ गया और यूजरों को कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याएं होने लगीं। कंपनी प्रभावित मशीनों को ठीक करने, सर्वर की क्षमता बढ़ाने और ट्रैफिक को दूसरे सर्वरों की ओर मोड़ने में जुटी रही।
हालांकि, कंपनी ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि शुरुआती तकनीकी गड़बड़ी आखिर किस वजह से हुई और उसे ठीक करने में इतना लंबा समय क्यों लगा।
अमेरिकी टेक कंपनियों पर निर्भरता घटाने की बढ़ी मांग
अल जजीरा के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई इस रुकावट ने एक बार फिर दुनिया भर में अमेरिकी टेक कंपनियों पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता का सवाल खड़ा कर दिया है।
यह संकट ऐसे समय आया है, जब यूरोप अपनी डिजिटल संप्रभुता मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। इसका मकसद अपने डिजिटल ढांचे और सर्वर व्यवस्था को विकसित करना तथा विदेशी कंपनियों पर निर्भरता घटाना है।
यूरोप के पास माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी वैश्विक टेक कंपनियां नहीं हैं। ऐसे में क्लाउड सेवाओं, आफिस साफ्टवेयर और डिजिटल संचार के लिए उसे काफी हद तक अमेरिकी कंपनियों का सहारा लेना पड़ता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में यूरोप और अमेरिका के बीच व्यापारिक तथा रणनीतिक तनाव ने भी इस बहस को तेज किया है। भारत में भी सरकार ने अमेरिकी टेक कंपनियों से देश में सर्वर स्थापित करने पर जोर दिया है ताकि यूजर्स का डाटा सुरक्षित रखा जा सके।