डिजिटल डेस्‍क, पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बिहार की जीविका दीदियां अपने पारंपरिक हुनर, मेहनत और उद्यमशीलता से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में जीविका स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाएं छठ पूजा में उपयोग होने वाली पारंपरिक सामग्रियों का निर्माण कर न केवल अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं।
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि जीविका दीदियों की मेहनत और हुनर से लोक आस्था का महापर्व छठ और भी खास बन रहा है। मुंगेर, रोहतास, बक्सर और पूर्वी चंपारण सहित विभिन्न जिलों की महिलाएं बांस के सूप, दउरा, टोकरी और पंखे (बना) तैयार कर रही हैं। वहीं, कई जिलों में जीविका दीदियों द्वारा निर्मित पारंपरिक अलता व्रती महिलाओं के श्रृंगार, घरों की चौखट की सजावट और पूजन सामग्री की पारंपरिक रंगाई के लिए उपलब्ध है।