हरि मंगल सिंह। किसी भी राज्य की वास्तविक जीवन-शक्ति उसके युवाओं की चेतना में स्पंदित होती है। यह चेतना उस विश्वास से उपजती है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था उन्हें समान अवसरों की व्यवस्था से संरक्षण देगी और मेधा के साथ पक्षपात नहीं होने पाएगा। यही वह विश्वास है, जो एक अभ्यर्थी को तपस्वी की तरह मेहनत करने की प्रेरणा देता है। जब कोई युवा परीक्षा कक्ष में बैठकर अपनी ओएमआर शीट के गोले काले कर रहा होता है, तो वह संविधान, तंत्र और राज्य की न्यायप्रियता पर अपने गहरे भरोसे की मुहर लगाता है।
इसके विपरीत जब वही युवा इस हताशा के साथ घर से निकले कि चयन की सूची तो किसी बंद कमरे में पहले ही तय हो चुकी है और यह परीक्षा केवल एक क्रूर प्रशासनिक प्रहसन है, तो वहां विश्वास दम तोड़ देता है। उत्तर प्रदेश जैसे विशाल, सघन और असीमित युवा ऊर्जा वाले राज्य में सरकारी नौकरी कभी केवल आजीविका का साधन मात्र नहीं रही। यह समाज में सम्मान और भविष्य की सुरक्षा भी है। इसलिए, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य के भीतर रोजगार को लेकर एक महाभियान की रूपरेखा गढ़ी जा रही है, तो यह एक मृतप्राय भरोसे को पुनर्जीवित करने का एक बेहद गंभीर कदम है।