संवाद सहयोगी, खागा (फतेहपुर)। प्रयागराज से फतेहपुर आ रहे लोकनिर्माण के अवर अभियंता की 80 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही कार का अगला टायर पूर्वी बाईपास स्थित ओवरब्रिज के ऊपर फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गलत दिशा में पहुंचकर रेलिंग से टकरा गई। कार सड़क पर तीन बार पलट गई जिससे शीशे चकनाचूर हो गई।
खिड़की खुलने से ड्राइविंग कर रहे अवर अभियंता 30 फिट ऊंचे ओवरब्रिज से सिर के बल सर्विस रोड पर जा गिरे। जिसमें अवर अभियंता की मौके पर मृत्यु हो गई। दिवंगत अवर अभियंता के साथ में रहे परिचित को घायल अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया गया।

प्रयागराज शहर के अल्लापुर में रहने वाले 40 वर्षीय राहुल सिंह, फतेहपुर में लोक निर्माण विभाग में वर्ष 2016 से अवर अभियंता के पद पर तैनात थे। शुक्रवार की सुबह 11 बजे वह निजी कार से फतेहपुर के रहने वाले परिचित शुभम सिंह के साथ में प्रयागराज से फतेहपुर के लिए निकले थे। दोपहर दो बजे करीब पूर्वी बाईपास स्थित ओवरब्रिज के ऊपर कार के टायर फटने से हादसे हादसा हुआ।