जागरण संवाददाता, मेरठ। देश की सरहदों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले रणबांकुरों की शौर्यगाथाएं अब नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाएंगी। भारतीय सेना की ओर से शनिवार को कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाली मेगा वेटरंस रैली में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के साथ ही देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। रैली में परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के चित्र और उनकी गौरवगाथाओं के माध्यम से युवाओं को यह बताने का प्रयास होगा कि देश की आजादी और सुरक्षा की कीमत कितने बलिदानों से चुकाई गई है। इसमें क्रांति के नायकों की भी झलक देखने को मिलेगी।