जागरण संवाददाता, वाराणसी। छठ पर जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के पीछे आस्था के साथ प्रकृति और खगोल विज्ञान का भी गहरा संबंध है। काशी के सूरजकुंड को इस दृष्टि से विशिष्ट माना गया है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व प्रोफेसर एवं सांस्कृतिक भूगोलवेत्ता प्रो. राणा पीबी सिंह के शोध-अध्ययन के अनुसार, कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सूरजकुंड में सूर्य का प्रकाश अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक तीव्रता से पहुंचता है।
उनका दावा है कि इस दिन यहां पराबैंगनी (यूवी) किरणें भी अप्रभावी हो जाती हैं। इसके पीछे कुंड की भौगोलिक अवस्थिति और उस दिन की विशेष खगोलीय स्थिति को कारण बताते हैं। इस विषय पर उनका अध्ययन पूर्व में विभिन्न लेखों में प्रकाशित हो चुका है।

12वीं सदी में काशी से शुरू हुई जल में सूर्योपासना की परंपरा
प्रो. सिंह के अनुसार, सूर्योपासना की परंपरा ऋग्वैदिक काल से चली आ रही है। ऋग्वेद के आठ सूक्त सूर्य की प्रार्थना और चिंतन को समर्पित हैं। हालांकि, जल में निमग्न होकर सूर्य की आराधना करने की पद्धति का आरंभ 12वीं सदी में काशी से माना जाता है। गहड़वाल वंश के राजाओं ने इस परंपरा को विकसित किया। बाद में यह देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंची। छठ में जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा इसी सांस्कृतिक विरासत की महत्वपूर्ण कड़ी है।

भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र सांब ने कराया था मंदिर और कुंड का निर्माण
गोदौलिया से नई सड़क जाने वाले मार्ग पर सनातन धर्म इंटर कालेज के बगल स्थित सूरजकुंड का धार्मिक महत्व भी प्राचीन है। कुंड के समीप गोलाकार संरचना में भगवान सूर्य का मंदिर है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण के आदेश पर उनके पुत्र सांब ने यहां सूर्य मंदिर स्थापित कराया और कुंड का निर्माण कराया था।