केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के बछलौता के पास शुक्रवार को मध्य गंग नहर में काले बुर्के में लिपटा महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पानी में बहते शव को देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
काफी प्रयास के बाद भी महिला की पहचान नहीं हो सकी। बुर्के में लिपटा शव मिलने से महिला की पहचान छिपाने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि महिला की मौत हादसे में हुई या फिर हत्या कर शव को नहर में बहाया गया?