जागरण संवाददाता, चित्रकूट। धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के लिए पहचान रखने वाला चित्रकूट अब वन्यजीवों और बुंदेली संस्कृति के जरिए भी पर्यटकों को आकर्षित करने की तैयारी में है। पाठा क्षेत्र में रानीपुर टाइगर रिजर्व के बाघ, तेंदुआ, भालू, चीतल और नीलगाय के साथ तुलसी जलप्रपात और स्काईवाक ग्लास ब्रिज पर्यटन के नए केंद्र बन सकते हैं।
योजनाओं के जरिए प्रकृति, स्थानीय हस्तशिल्प और लोकसंस्कृति को जोड़ने का प्रयास है। इससे युवाओं और कारीगरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। मानिकपुर के पाठा क्षेत्र में पर्यटन विभाग 340.20 लाख रुपये की लागत से तुलसी ट्राइबल हाट विकसित कर रहा है। इसमें 16 स्थायी और अस्थायी दुकानें, तीन फूड कोर्ट, कार्यालय भवन, प्रदर्शनी दीवार, पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट और बैठने की व्यवस्था शामिल है।