जागरण संवाददाता, पडरौना। पूर्वांचल को बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर भारत से जोड़ने वाले गोरखपुर-सिलीगुड़ी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का खाका तैयार है, लेकिन कुशीनगर में परियोजना अभी जमीन पर उतरने का इंतजार कर रही है। प्रस्तावित एक्सप्रेस वे में जिले के 93 गांव शामिल हैं।
सर्वे और जमीन चिह्नांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बावजूद अब तक भूमि अधिग्रहण पूरा नहीं हुआ है और प्रभावित किसानों को मुआवजा भी नहीं मिला है। ऐसे में एक्सप्रेसवे से विकास और कनेक्टिविटी की उम्मीद लगाए बैठे लोगों की नजर अब अधिग्रहण की अगली कार्रवाई पर है।

परियोजना के लिए गोरखपुर और कुशीनगर में कुल करीब 561 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव है। इसमें अकेले कुशीनगर की हिस्सेदारी लगभग 492 हेक्टेयर है। जनवरी 2026 में जिले की हाटा, कसया और तमकुहीराज तहसीलों के गांव इसके दायरे में हैं। कसया तहसील के 33 गांवों में ही 2944 किसानों की 154.030 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण के लिए चिह्नित की गई है।