जागरण संवाददाता, हरिद्वार। साइबर ठगों ने लोगों की जेब के साथ अब घरों में सुरक्षित रखे बैंक के क्रेडिट कार्ड को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
चिंता की बात यह है कि ठगी के लिए अब न तो ओटीपी पूछा जा रहा है और न पीड़ित को किसी और तरह का झांसा देने की जरूरत पड़ रही है। कनखल में एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से 4.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी ने क्रेडिट कार्ड धारकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
साइबर ठग अब फर्जी बैंक संदेश, व्हाट्सएप लिंक, नकली कस्टमर केयर नंबर और फिशिंग वेबसाइट के जरिए कार्ड से जुड़ी जानकारियां हासिल करने की कोशिश करते हैं। कई बार पहले से सेव कार्ड डिटेल, टोकनाइजेशन, आटो डेबिट या ऐसे मर्चेंट ट्रांजेक्शन का भी दुरुपयोग हो सकता है, जिनमें हर बार ओटीपी की जरूरत नहीं होती।