पर्यटन के लिहाज से झारखंड असीम संभावनाओं का प्रदेश है। नेतरहाट, दशम फाल, हुंडरू फाल, जोन्हा फाल, देवघर, पारसनाथ और बेतला जैसे स्थलों को बेहतर सुविधाओं और प्रभावी प्रचार के माध्यम से राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा सकता है। बड़ी संख्या में पर्यटक झारखंड आते हैं, लेकिन उनके ठहरने, परिवहन, खानपान और पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं के विकास की अभी काफी गुंजाइश है। सरकार को होटल, रेस्तरां और रिसार्ट जैसे हास्पिटैलिटी सेक्टर को भी उचित प्रोत्साहन देना चाहिए। इस क्षेत्र में लाइसेंस, नवीनीकरण और विभिन्न विभागों की अनुमतियों को सरल बनाया जाना आवश्यक है। पर्यटन आधारित निवेश के लिए विशेष रियायतें और प्रोत्साहन नीति बनाई जाए। पर्यटन स्थलों पर निजी निवेश को प्रोत्साहित कर इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन का विस्तार किया जा सकता है। इसका लाभ केवल होटल व्यवसाय को नहीं, बल्कि स्थानीय दुकानदारों, परिवहन संचालकों, किसानों, हस्तशिल्प कारोबारियों और युवाओं को भी मिलेगा।
-तुलसी पटेल, अध्यक्ष, झारखंड चेंबर