जागरण संवाददाता, पटना। कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए... लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हो जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन अनुष्ठान में शारीरिक शुद्धि से लेकर आत्मिक साधना तक की परंपरा जुड़ी है।
पहले दिन व्रती गंगा सहित पवित्र जलाशयों में स्नान कर भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे और कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेंगे। वहीं, शनिवार को व्रती खरना का प्रसाद शाम में ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत का अनुष्ठान लेंगे।