राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर की खूबसूरत वादियों में गोल्फ खेलने के लिए विश्वभर से पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि यह खेल स्थानीय लोगों, खासकर युवाओं के बीच अपनी पहचान नहीं बना पाया है। अब इस स्थिति को बदलने के लिए पर्यटन विभाग ने गोल्फ को आम लोगों तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की पहल शुरू की है।
गुलमर्ग गोल्फ कोर्स में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पर्यटन निदेशक कश्मीर कमर सज्जाद ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि घाटी में गोल्फ धीरे-धीरे स्थानीय लोगों के बीच अपनी लोकप्रियता खो रहा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में विश्वस्तरीय गोल्फ सुविधाएं मौजूद होने के बावजूद यह खेल समाज के एक सीमित वर्ग तक ही सिमटा हुआ है।