संवाद सूत्र, मुंगेर। मुंगेर शहर में अपना मकान बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए भवन निर्माण के नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार भवन उपविधि-2026 को स्वीकृति दे दी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वर्ष 2014 से प्रभावी भवन उपविधि की जगह नए नियम ले लेंगे।
इससे छोटे भूखंड पर भी अपेक्षाकृत बड़े और ऊंचे भवन बनाने का रास्ता आसान होगा। सबसे अहम बदलाव यह है कि नक्शा स्वीकृति के लिए निर्धारित 30 दिनों के भीतर निर्णय नहीं होने पर स्वत: स्वीकृति (डीम्ड अप्रूवल) का प्रविधान किया गया है। नई व्यवस्था में भवनों की ऊंचाई, जोखिम, पार्किंग और निर्माण क्षेत्र को लेकर भी कई बदलाव किए गए हैं।