संवाद सूत्र, कटरा(श्रावस्ती)। बुद्ध की कर्मभूमि श्रावस्ती के जेतवन महाविहार में गुरुवार को म्यांमार के बौद्ध तीर्थयात्रियों ने पूजा-अर्चना कर लोक-मंगल व विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान तीर्थ क्षेत्र बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि संघं शरणं गच्छामि की मधुर ध्वनि से गुंजायमान रहा।
तीर्थयात्रियों ने जेतवन महाविहार में आनंद बोधि वृक्ष, गंधकुटी, सूर्यकुंड समेत विभिन्न स्तूपों के दर्शन और परिक्रमा के बाद बुद्ध वंदना की। बुद्ध के करुणा, मैत्री और अहिंसा के संदेश को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। बौद्ध धर्मगुरु लिंपोक्षे ने कहा कि भगवान बुद्ध ने जेतवन की धरा से मानवता को सत्य, सदाचार और करुणा का मार्ग दिखाया।