संवाद सहयोगी, हाथरस। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव कोडरा जहांगीरपुर में बृहस्पतिवार सुबह चार वर्षीय बच्ची ममता का रक्तरंजित शव बोरे में मिला। उसका शव खरजा नहर के पास पड़ा था। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
ममता नौ नवंबर की शाम करीब पांच बजे से घर से गायब थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब बच्ची नहीं मिली तो कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार सुबह कुछ लोगों को नहर के पास बोरी से बदबू आई। शक होने पर जब बोरी खोली गई तो उसमें बच्ची का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।