अजय कुमार शुक्ल, कुशीनगर। नेपाल ने जिस भैरहवा और कुशीनगर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है, उस पर दोनों देशों के बीच सहमति बनती है तो लंबे समय से नियमित उड़ानों की राह देख रहे कुशीनगर एयरपोर्ट को संजीवनी मिल सकती है। इससे एयरपोर्ट के संचालन को गति मिलने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी का एक नया अध्याय शुरू हो सकेगा।
भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली होने के कारण कुशीनगर का सीधा धार्मिक और पर्यटन संबंध नेपाल के लुंबिनी तथा भैरहवा क्षेत्र से है। भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधी उड़ान शुरू होने पर नेपाल आने वाले बौद्ध पर्यटकों के लिए कुशीनगर पहुंचना आसान होगा।