मिलन गुप्ता, बलिया। जिला मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर उत्तर में स्थित सुरहा ताल (जयप्रकाश नारायण पक्षी विहार) इसी वर्ष जून में देश का 100वां, प्रदेश का 13वां व विश्व का 2,595वां रामसर साइट के रूप में शामिल हुआ है।
आश्चर्य की बात यह कि अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलने के छह माह बाद भी अब तक इसका न तो विकास हुआ, और न ही पर्यटन के संसाधन बढ़े। मौके पर टूटी बेंच और इसमें गिरते गंदे पानी इस ताल के लिए दाग बन गया है। एक तरफ पूरे देश में नदी, तालाब व जल स्रोतों के सफाई पर रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सुरहाताल अब भी विकास की दौड़ में पीछे है। स्थानीय विधायक व प्रशासन ने तमाम दावे किए पर धरातल पर कुछ नहीं किया गया।

करीब 10 हजार घरों का गंदा पानी पहुंच रहा ताल में
ताल के आसपास करीब 42 गांव बसे हैं। इनमें बसंतपुर, मैरीटार, ब्रह्माइन, कैथवली, डुमरी, बसुदेवपुर, परसपुर, घघरोली, सरैया, फुलवरिया, मनियारी जाटव, राजपुर, सूर्यपुरा और छोड़हर समेत अन्य गांव शामिल हैं जो नजदीक हैं। करीब 30 गांवों के दस हजार घरों से निकलने वाला गंदा पानी विभिन्न नालियों के माध्यम से सुरहाताल में पहुंच रहा है।