जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में टिकट की सियासी दौड़ ने रफ्तार पकड़ ली है। भाजपा में इस सीट के कई दावेदार हैं और हर कोई अपनी ताकत दिखाने में जुटा है। इसी बीच पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान के आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में सियासत का एक अलग ही नजारा देखने को मिला।
विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक बाइक उपहार में दी। बात यहीं खत्म नहीं हुई। राजपाल चौहान के बेटे और लक्ष्य ग्रुप के निदेशक अमित चौहान ने एलान कर दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके पिता विधायक बने तो चारों मंडल अध्यक्षों को एक-एक स्कार्पियो भी दी जाएगी।