संवाद सहयोगी, मंडी आदमपुर। आदमपुर की सियासत में एक बार फिर बिश्नोई परिवार ने अपनी मजबूत मौजूदगी का अहसास करवाया। पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के नवनिर्मित महलनुमा आवास का गृह प्रवेश समारोह धार्मिक आस्था, पारिवारिक मिलन और सियासी शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच बन गया।
राजस्थान की शाही हवेली की तर्ज पर तैयार इस आलीशान आवास में आयोजित समारोह में हजारों लोगों का हुजूम उमड़ा। प्रदेश के कोने-कोने के अलावा राजस्थान और अन्य राज्यों से भी समर्थक एवं शुभचिंतक बिश्नोई परिवार को बधाई देने पहुंचे।