राज्य ब्यूरो, पंचकूला। रेलवे फाटक बंद होने से लोगों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए हरियाणा में कई जगह रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए जा रहे हैं। कुछ परियोजनाओं का काम 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि कुछ जगह निर्माण शुरू हुआ है। कई योजनाएं अब भी प्रस्तावित हैं और उन पर धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गत दिनों इन परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मौजूदा स्थिति पर चर्चा के बाद रिपोर्ट हरियाणा सरकार को भेजी गई।

रोहतक के महम-बेरी रोड पर बन रहे रेलवे अंडरपास का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस पर 50.25 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। भिवानी के सिवानी में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करीब 85 प्रतिशत पूरा है। इसके लिए 44 करोड़ रुपये जारी किए गए थे।

भिवानी की दूसरी ओर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज के लिए 6.22 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसका निर्माण शुरू हो चुका है और अब तक पांच प्रतिशत काम पूरा हुआ है। भिवानी बाईपास पर अंडरपास का काम भी शुरू हो गया है।