संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा)। छठ महापर्व की आस्था और परंपरा में बांस से बने डगरा-कोनिया का खास स्थान है। पर्व नजदीक आते ही इनकी मांग बढ़ जाती है। इसी के साथ प्रखंड के बिशनपुर सुंदर पंचायत के कई टोले कुटीर उद्योग के केंद्र बन जाते हैं। 
पंचायत के पथराहा (वार्ड संख्या 11 एवं 12), इसराइन बेला के पहाड़ी टोला और बिशनपुर बाजार के वार्ड संख्या 13 स्थित पहाड़ी टोला में रहने वाले मालपहाड़ी समाज के परिवारों की आजीविका आज भी बांस की कारीगरी पर निर्भर है। पीढ़ियों से चली आ रही यह कला उनके लिए रोजगार के साथ सामाजिक पहचान भी है।