जागरण संवाददाता, कैथल। पुलिस ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने तथा रंगदारी की रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को मुठभेड़ के बाद काबू किया है।
वीरवार सुबह एंटी-एक्सटॉर्शन सेल की टीम और आरोपितों के बीच पाडला-गुहणा रोड पर मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों आरोपितों को पैर में गोली लगी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को काबू कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान गुरकिरत सिंह और कर्मबीर सिंह निवासी जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।