जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की सड़कें दीपावली के बाद भी भक्ति, उत्साह और लोक-संस्कृति के अनूठे रंगों में रंगी नजर आईं। गोवर्धन पूजनोत्सव के पावन अवसर पर चेतगंज हथुआ मार्केट से निकली विशाल शोभायात्रा का नजारा ऐसा था मानो समूचा वातावरण गोकुल धाम में तब्दील हो गया हो।
दोपहर 12 बजे जैसे ही परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया, शंखनाद और जयकारों की गूंज से आकाश गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा के सबसे आगे काशीवासियों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में सजे ग्वाल-बालों की टोली उल्लास बिखेरते हुए चल रही थी।