जागरण संवाददाता, आगरा। डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की विधि पाठ्यक्रमों की पुनर्परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। इसकी मांग को लेकर पूर्व में छात्र नेताओं ने प्रदर्शन और मांग भी की थी। 12 नवंबर से शुरू होकर 25 नवंबर तक चलने वाली एलएलबी और बीए एलएलबी की परीक्षाएं दीपावली पर्व और छठ पूजा को देखते हुए स्थगित कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
अब परीक्षाओं की नई तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने पूर्व में विधि पाठ्यक्रमों की पुनर्परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया था। इसके तहत एलएलबी प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के साथ बीए एलएलबी प्रथम से पंचम वर्ष तक की परीक्षाएं 12 नवंबर से प्रस्तावित थीं। परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित होनी थीं। इसके लिए परीक्षा केंद्र और महाविद्यालयों को भी निर्देश जारी किए गए थे।