जागरण संवाददाता, आगरा। मौसम में आ रहे तेजी से बदलाव का असर विदेशी मेहमानों पर पड़ा है। सात साल में पहली बार अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से कीठम झील में पक्षियों का आना शुरू हो गया है। जिस तरीके से पक्षियों की संख्या बढ़ रही है। उससे वन विभाग के अधिकारियों को कई सालों के रिकार्ड टूटने के आसार लग रहे हैं। विदेशी पक्षी फरवरी 2027 के दूसरे सप्ताह तक रहेंगे।
नेशनल हाईवे-19 स्थित सूर सरोवर पक्षी विहार (कीठम) की झील 100 हेक्टेयर में फैली है। झील में हर साल नवंबर के पहले सप्ताह से लेकर फरवरी के दूसरे सप्ताह तक विदेशी पक्षी आते हैं। इनकी संख्या 30 से 35 हजार तक होती है। इसमें रूस से उत्तरी पिनटेल, कामन टील, उत्तरी शोवलर, मंगोलिया और चीन से बार हेडेड गूज, साइबेरिया से कामन टील, ग्रेलेग गूज, अफगानिस्तान से रुडी शेलडक सहित अन्य पक्षी शामिल हैं।