जागरण संवाददाता, लखनऊ। चोरी के आरोप में पुलिस पूछताछ और कथित प्रताड़ना से परेशान ट्रेवल्स कारोबारी के चालक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने छह वीडियो बनाकर परिवार को भेजे। वीडियो में उसने दो महिलाओं पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर फंसाने और पुलिसकर्मियों पर चौकी में गाली देने व एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप लगाया। उसने पत्नी, बच्चों और परिवार से माफी मांगते हुए कहा कि उसने कुछ नहीं किया, लेकिन अब बेइज्जती और प्रताड़ना सहन नहीं कर पा रहा है।

ठाकुरगंज के लालबाग निवासी 38 वर्षीय मनीष देशराज उर्फ छोटू ट्रेवल्स में स्कार्पियो चलाते थे। उनकी पत्नी पिंकी और दो बेटे युवी व ऋषभ हैं। भाई छेदीलाल के मुताबिक, सपना और नेहा नाम की दो महिलाएं आर्केस्ट्रा में आने-जाने के लिए मनीष की गाड़ी किराये पर लेती थीं। आरोप है कि वे काफी समय से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रही थीं। सात नवंबर को दोनों ने मनीष पर 12 लाख रुपये और जेवर चोरी करने का आरोप लगाया।