जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मंदाकिनी के घाटों पर दीपों की जगमगाहट के बीच रविवार की रात आसमान भी राममय हो उठा। एक साथ 500 ड्रोन ने उड़ान भरी तो आकाश में प्रभु श्रीराम की जीवनगाथा के दृश्य जीवंत होने लगे।
रोशनी से सजे आसमान में कहीं राम जन्म का प्रसंग उभरा तो कहीं धनुष यज्ञ, वनवास और सीता हरण के दृश्य दिखाई दिए।
लंका दहन और राम-रावण युद्ध के बाद अयोध्या वापसी के चित्रों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दीपदान मेले में पहली बार हुए इस ड्रोन शो ने तकनीक और आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।