जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। दोस्तों के साथ साइकिल से घूमने निकले 14 वर्षीय अनिकेत कुमार को क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा। साइकिल की चेन उतरने पर सड़क किनारे उसे ठीक करते समय मनियर की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल अनिकेत ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
सिकंदरपुर क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी राजकुमार का पुत्र अनिकेत सोमवार को तीन दोस्तों के साथ साइकिल से घूमने निकला था। गोसाईपुर के सामने उसकी साइकिल की चेन उतर गई। वह सड़क किनारे साइकिल खड़ी कर चेन चढ़ाने लगा।