जागरण संवाददाता, जम्मू। बरसात बीती, पर मंदिरों के शहर जम्मू की रफ्तार आज भी गड्ढों में उलझी है। पाश रिहाइश से लेकर व्यस्त बाजारों तक उखड़ी सड़कें हादसों को खुला न्योता दे रही हैं और सफर रोज का इम्तिहान बन चुका है। जनता के बढ़ते आक्रोश के बीच अब लोक निर्माण विभाग हरकत में आया है और सड़कों के कायाकल्प के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।
पीडब्ल्यूडी सूत्रों के अनुसार, बरसात के बाद शहर और आसपास के क्षतिग्रस्त मार्गों की ब्लैकटापिंग, पैचवर्क और नए सिरे से निर्माण के लिए यूटी कैपेक्स और सिटी एंड टाउन प्रोग्राम के तहत करीब 45 करोड़ रुपये का विशेष बजट आवंटित किया गया है।