अशोक आर्य, जागरण, बरेली। चुनावी मैदान में राजनीतिक दल भले ही जातीय समीकरण, परंपरागत वोट बैंक और पुराने चुनावी नतीजों के आधार पर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हों, लेकिन जिले की नौ विधानसभा सीटों पर 7.13 लाख युवा मतदाताओं की मौजूदगी चुनावी गणित का एक बड़ा हिस्सा साबित होंगी। 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के ये मतदाता आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
खास बात यह है कि जिले में 55,829 मतदाता ऐसे हैं, जो 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग में हैं यानी बड़ी संख्या में युवा मतदाता पहली बार मतदान के अधिकार का इस्तेमाल करने की तैयारी में हैं। विधानसभावार आंकड़ों में भोजीपुरा सबसे आगे है। यहां 91,647 युवा मतदाता हैं। दूसरे स्थान पर बिथरी चैनपुर है, जहां इनकी संख्या 89,730 है। इन दोनों सीटों पर युवा मतदाताओं की संख्या 89 हजार से अधिक है।