विपिन कुमार, नारनौल। गांव से शहर जाने के लिए सुबह घर से निकले विद्यार्थी को समय पर बस मिलने की चिंता है तो किसी नौकरीपेशा व्यक्ति को ड्यूटी पर पहुंचने की। किसी ग्रामीण को अस्पताल पहुंचना है तो किसी को जरूरी काम से शहर आना है, लेकिन कई रूटों पर बसों के सीमित फेरे सफर को मुश्किल बना रहे हैं।
जिले में आबादी और आवाजाही की जरूरत लगातार बढ़ी है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं उसी अनुपात में नहीं बढ़ पाई हैं। नारनौल रोडवेज डिपो में फिलहाल 153 बसों से संचालन किया जा रहा है, जबकि जरूरत 188 बसों की है। यानी डिपो को 35 बसों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 1996 में नारनौल और रेवाड़ी को अलग-अलग रोडवेज डिपो बनाया गया था।