भूपेंद्र शर्मा, जागरण, बुलंदशहर। खेती की बढ़ती लागत, महंगे कृषि यंत्र और रासायनिक खाद व कीटनाशकों पर निर्भरता किसानों के सामने बड़ी चुनौती है। छोटे और सीमांत किसानों के लिए आधुनिक मशीनें खरीदना मुश्किल है। ऐसे में बुलंदशहर के गांव निर्सुखा निवासी संजीव शर्मा ने खेती की इन मुश्किलों का अपने तरीके से समाधान तलाशा है।
उन्होंने कम लागत में छोटे, हल्के और उपयोगी कृषि यंत्र तैयार किए हैं, जिनसे सीमित संसाधनों वाले किसान भी बुआई से लेकर निराई-गुड़ाई तक के काम आसानी से कर सकते हैं। साथ ही प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण देकर अब तक 20 हजार से अधिक किसानों और युवाओं को इस पद्धति से जोड़ चुके हैं। उनका प्रयास खेती को सस्ता और टिकाऊ बनाने के साथ मिट्टी की सेहत, पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने की दिशा में भी है।