जागरण संवाददाता, नारनौल। दीपावली की शाम परिवार के साथ पूजा-पाठ कर खुशियां मनाने के बाद वर्कशाप बंद करके घर लौटे संचालकों को क्या पता था कि कुछ ही घंटे बाद उनकी सालों की कमाई आग की भेंट चढ़ जाएगी। दीपावाली की रात करीब नौ बजे फोन की घंटी बजी और दूसरी तरफ से गैराज में आग लगने की सूचना मिली।
खबर सुनते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। जब तक वे मौके पर पहुंचे, आग विकराल रूप ले चुकी थी। सिंघाना रोड स्थित गणपति डेंटिंग-पेंटिंग वर्कशाप में लगी आग ने वहां खड़ी 6 से 7 गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से वाहन और गैराज में रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती आकलन के अनुसार करीब 70 से 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।