जागरण संवाददाता, आगरा। ताजनगरी में दीपावली की खुशियों के बीच आतिशबाजी की चिंगारियों ने भारी तबाही मचाई। पटाखों की चिंगारी से जूता कारखाने, फलों की दुकान और मकानों समेत एक दर्जन से अधिक स्थानों पर आग लगने की दर्दनाक घटनाएं सामने आईं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम रविवार की रात से सोमवार सुबह तक लगातार दौड़ती रहीं।
आग की बड़ी घटना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में हुई, जहां पटाखों से निकली चिंगारी से एक जूता कारखाने में अचानक आग लग गई। कारखाने में रखे केमिकल और चमड़े के सामान के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। उठती हुई ऊंची लपटों को देख इलाके मे दहशत का माहौल बन गया।