जागरण संवाददाता, कानपुर। काकादेव में जुआ खेलने के दौरान किश्तों पर खरीदा गया 22 हजार रुपये का मोबाइल फोन हारने से आहत युवक ने आत्महत्या कर ली। सोमवार तड़के उसका शव घर के आंगन में अमरूद के पेड़ से साड़ी के सहारे फंदे पर लटकता मिला। बेटे का शव देखते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। घटना से परिवार में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
शास्त्री नगर निवासी 18 वर्षीय अभिषेक घोड़े की काठी और जीन बनाने का काम करता था। परिवार में मां शकुंतला, बड़ा भाई सनी और छोटा भाई अखिलेश हैं। स्वजन के मुताबिक, रविवार को दीपावली की रात अभिषेक इलाके के कुछ युवकों के साथ जुआ खेलने गया था। इस दौरान उसने किश्तों पर फाइनेंस कराकर खरीदा गया अपना 22 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन दांव पर लगा दिया। जुए में वह मोबाइल हार गया।