जागरण संवाददाता, शामली। यदि आप जिले के निवासी हैं और आपकी उम्र एक जनवरी 2027 तक 18 साल पूरी हो रही है, तो यह खबर आपके काम की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का नया शेड्यूल जारी कर दिया है।
जिले में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का नया शेड्यूल जारी हो चुका है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र नागरिक अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करा सकेंगे। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे समय रहते सूची में अपने और परिवार के नाम की जांच कर लें।