जागरण संवाददाता, गाजीपुर। थाना क्षेत्र के रेवसा फोरलेन कट के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार किसान जयप्रकाश बिंद (40) की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेवसा गांव निवासी जयप्रकाश नंदगंज से बाइक से घर लौट रहे थे। रेवसा हाईवे कट के पास गांव की ओर मुड़ते समय वाराणसी से गाजीपुर जा रही कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।