जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए जिला प्रशासन ने जिले में आठ स्थान चिह्नित किए हैं। इन स्थानों पर ही अस्थायी दुकानें लगाने के लिए लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
एक स्थान पर अधिकतम 50 दुकानें लगाने की अनुमति होगी। निर्धारित स्थलों के अलावा कहीं भी पटाखों की दुकान नहीं लगाई जा सकेंगी।
शहर में क्रिश्चियन इंटर कालेज मैदान, फतेहगढ़ में राजकीय पॉलीटेक्निक मैदान और दुर्गा नारायण महाविद्यालय मैदान को पटाखों की दुकान लगाने के लिए चिह्नित किया गया है। इसके अलावा मोहम्मदाबाद में अशोक कोल्ड स्टोरेज के पीछे रामलीला मैदान, कमालगंज में रामलीला मैदान और राजेपुर क्षेत्र में राजेपुर राठौरी के परगना तहसील अमृतपुर में गाटा संख्या 595 पर दुकानें लगेंगी।