जागरण संवाददाता, हिसार। प्रदेश में स्मॉग ने हालात खराब कर दिए हैं। हवा प्रदूषित होने से हरियाणा के छह जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 300 को पार कर गया है।
इसमें दिल्ली के साथ लगता क्षेत्र बहादुरगढ़ सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा, जिसका एक्यूआई 365 तक पहुंच गया। इसके अलावा प्रदेश के 9 जिले खराब श्रेणी में पहुंच गए हैं। मौसम विज्ञानियों ने धुआं व धूल के कण वातावरण की नमी में मिलने से स्मॉग होने का कारण बता रहे हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार तापमान में तेजी से उतार चढ़ाव हो रहा है। रात का तापमान कम ज्यादा होने और सुबह के समय स्मॉग अधिक हुआ है। दोपहर तक लोग आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी की शिकायत कर रहे हैं।