राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। श्रीनगर के बड़े अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में बने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन आज 5 नवंबर को होने जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा इस संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
कश्मीर से भाजपा मीडिया प्रभारी सादिज युसूफ शाह ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि नड्डा वीरवार सुबह दिल्ली से श्रीनगर एयरपोर्ट सुबह 10 बजे तक पहुंच जाएंगे। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, उद्घाटन के बाद अस्पताल में कौन-कौन सी चिकित्सा सेवाएं तत्काल शुरू होंगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।